रायपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गुरुवार को एक दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे। राजधानी पहुंचने पर रायपुर विमानतल में उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरानकेंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और मंत्री केदार कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
एयरपोर्ट से रवाना होने के बाद ओम बिरला सीधे लोकभवन पहुंचे, जहां उन्होंने निर्धारित कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी ली। अपने दौरे के दौरान वे राजधानी में आयोजित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष सुबह बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित आचार्य पदारोहण समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
इसके बाद वे पुनः लोकभवन पहुंचेंगे और वहां निर्धारित बैठकों एवं मुलाकातों में हिस्सा लेंगे। शाम को शांतिनगर स्थित एक स्थानीय कार्यक्रम में भी उनकी सहभागिता रहेगी, जहां वे उपस्थित लोगों को संबोधित कर सकते हैं।दिनभर के कार्यक्रमों के समापन के बाद ओम बिरला शाम को रायपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।



