अंबिकापुर, 14 जून। Women Safety : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक 25 वर्षीय महिला ने अपने पति और उसके मित्र पर दुष्कर्म, प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि उसका पति समलैंगिक है और अपने मित्र के साथ मिलकर उस पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव डालता था।
गांधीनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब चार साल पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उसे पति की समलैंगिक प्रवृत्ति के बारे में जानकारी मिली। महिला के अनुसार, करीब छह महीने पहले उसका पति काम के सिलसिले में राजस्थान गया था, जहां उसकी पहचान एक युवक से हुई। बाद में वह युवक अंबिकापुर आकर उनके घर में रहने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि पति के मित्र ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। वहीं पति लगातार उस पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव डालता रहा। विरोध करने पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला ने बताया कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपनी बहन के घर चली गई, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और वापस घर नहीं लौटने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी पति और उसके मित्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपों की कानूनी प्रक्रिया के तहत पड़ताल की जा रही है।



