नारायणपुर, 09 जून। Ruckus Religious Conversion : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सोमवार रात धर्मांतरण के आरोपों को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना में महिला सहित 2-3 ग्रामीण घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मामला भरंडा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
गांव में तनाव
जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम ‘प्रेस’ लिखी एक गाड़ी में सवार पास्टर समेत 2-3 लोग भरंडा गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के एक घर में धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और आदिवासी समुदाय के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान धर्मांतरित समुदाय के कुछ लोगों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। घटना में कुछ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन भी किया।
‘प्रेस’ लिखी गाड़ी से पहुंचे लोग
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पास्टर और अन्य लोग ‘प्रेस’ लिखी गाड़ी का इस्तेमाल कर गांव पहुंचे थे, जिससे पत्रकारिता की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, विवाद की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी गांव पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल धर्मांतरण से जुड़े (Ruckus Religious Conversion) आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



