शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में सोशल मीडिया पर सोने के गहनों और लग्जरी कारों के साथ रील बनाना एक यूट्यूबर महिला को महंगा पड़ गया। रील वायरल होने के कुछ समय बाद अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
यह भी पढ़े :- क्या सच में शेषनाग के फन पर टिका है पूरा ब्रह्मांड? जानिए पुराणों का रहस्य
जानकारी के अनुसार, मोहनी गांव निवासी रचना गुर्जर ने हाल ही में सोने के गहने पहनकर और लग्जरी कारों के साथ अपनी तस्वीरें एवं रील सोशल मीडिया पर साझा की थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी रील के जरिए चोरों को घर और कीमती सामान की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि देर रात चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा डंडे से बदल दी ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके अलावा सुरक्षा के लिए लगाई गई फेंसिंग को भी काट दिया गया।
घर के भीतर पहुंचने के बाद चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद आरोपी सीढ़ी के सहारे घर से बाहर निकलकर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारी टूटी हुई थी। जांच करने पर जेवरात और नकदी गायब मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



