गरियाबंद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गरियाबंद आगमन पर हेलीपैड में एक बेहद भावुक और मनमोहक दृश्य देखने को मिला। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गुलाब के फूलों के साथ मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।
यह भी पढ़े :- ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, कांग्रेस नेताओं के विवाद के बाद खुला बड़ा नेटवर्क
राजिम विधायक रोहित साहू की पहल पर स्थानीय बच्चों की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराई गई। जैसे ही मुख्यमंत्री हेलीपैड पहुंचे, बच्चों ने अपने छोटे-छोटे हाथों में गुलाब लेकर उनका स्वागत किया। “मुख्यमंत्री जी का स्वागत है…” के गूंजते स्वर और बच्चों की मासूम मुस्कान ने पूरे वातावरण को स्नेह, अपनत्व और उत्साह से भर दिया।
बच्चों के इस आत्मीय स्वागत से मुख्यमंत्री भी भावुक नजर आए। उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
कुछ समय के लिए हेलीपैड पर सभी प्रशासनिक और राजनीतिक औपचारिकताएं मानो पीछे छूट गईं। वहां केवल बच्चों की निश्छल मुस्कान, गुलाब की खुशबू और मुख्यमंत्री के प्रति उनका स्नेह ही दिखाई दे रहा था। मुख्यमंत्री और बच्चों के बीच का यह आत्मीय संवाद उपस्थित लोगों के लिए यादगार क्षण बन गया।
नन्हे हाथों में गुलाब और होठों पर स्वागत के शब्दों के साथ मुख्यमंत्री का हुआ यह अभिनंदन पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। गरियाबंद में देखने को मिला यह दृश्य मुख्यमंत्री और बच्चों के बीच आत्मीय संबंधों की सुंदर मिसाल बन गया।



