नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को नया चेयरमैन नियुक्त किया है। वहीं, वरिष्ठ नौकरशाह वरुण भारद्वाज को बोर्ड का नया सचिव बनाया गया है। यह फैसला 12वीं बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन प्रबंधन, ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली की खामियों तथा छात्रों-अभिभावकों की बढ़ती शिकायतों के बीच लिया गया है।
यह भी पढ़े :- फर्जी ITC घोटाले में बड़ी कार्रवाई: DGGI ने यूपी से आरोपी को किया गिरफ्तार, 12.5 करोड़ की टैक्स हेराफेरी का आरोप
केंद्र सरकार ने पूर्व चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया है। राहुल सिंह को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है, जबकि हिमांशु गुप्ता को प्रशासनिक आधार पर उनके मूल कैडर में वापस भेजा जाएगा।
नवनियुक्त चेयरमैन लोखंडे प्रशांत सीताराम वर्तमान में गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक लोखंडे AGMUT कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और उनका गृह राज्य महाराष्ट्र है।
सरकार का यह कदम OSM (ऑन-स्क्रीन मार्किंग) प्रणाली में सामने आई तकनीकी खामियों और मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों के बाद सामने आया है। छात्रों और अभिभावकों ने डिजिटल मूल्यांकन व्यवस्था में तकनीकी दिक्कतों, भुगतान संबंधी समस्याओं तथा सत्यापन एवं पुनर्मूल्यांकन के परिणामों में हो रही देरी पर चिंता जताई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने डिजिटल मूल्यांकन सेवाओं की खरीद प्रक्रिया की जांच के लिए एक सदस्यीय समिति का गठन भी किया है। यह समिति कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की अध्यक्ष एस. राधा चौहान की अगुवाई में कार्य करेगी। समिति को OSM प्रणाली से जुड़ी सेवाओं की खरीद और संचालन संबंधी मामलों की जांच कर एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार के इस कदम को CBSE की मूल्यांकन प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीकी दक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



