रायपुर। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस रायपुर की टीम ने छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से कुलदीप उर्फ अभिषेक पाठक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बोगस फर्मों के जरिए करीब 12.5 करोड़ रुपये का फर्जी ITC हासिल कर उसे अन्य संस्थाओं को ट्रांसफर करने का आरोप है।
यह भी पढ़े :- रायपुर पुलिस का विशेष अभियान: एक सप्ताह में 154 लोगों पर कार्रवाई, 61 वारंटी और 93 संदिग्ध जेल भेजे गए
जांच एजेंसी के अनुसार फर्जी ITC नेटवर्क की पड़ताल के दौरान अभिषेक पाठक का नाम सामने आया था। उसे पूछताछ के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन वह जांच में शामिल नहीं हुआ। इसके बाद DGGI की टीम ने शाहजहांपुर जिले के अतिबरा गांव पहुंचकर पूछताछ की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर रायपुर निवासी अमन सिंह के साथ मिलकर स्क्रैप कारोबार से जुड़ी कई फर्मों का संचालन किया। आरोप है कि इन फर्मों के माध्यम से केवल कागजों में व्यापार दिखाकर करोड़ों रुपये का फर्जी टैक्स क्रेडिट प्राप्त किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर भी कई फर्में बनाई थीं। इनमें समृद्धि ट्रेडिंग और ख्याति इंटरप्राइजेज जैसी कंपनियों के नाम सामने आए हैं। जांच एजेंसियां इन फर्मों के वित्तीय लेन-देन और टैक्स क्रेडिट से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं।
DGGI की प्रारंभिक जांच में आरोपी से जुड़े नेटवर्क के माध्यम से करोड़ों रुपये के फर्जी टैक्स क्रेडिट के लेन-देन के संकेत मिले हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है और जांच आगे बढ़ने पर अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने आरोपी के ठिकाने से महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं। इनकी फोरेंसिक और तकनीकी जांच के जरिए पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार यह गिरफ्तारी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि सुजीत मलिक द्वारा 18 मई 2026 को पदभार संभालने के बाद यह पहली बड़ी गिरफ्तारी है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि फर्जी ITC नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई और तेज हो सकती है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और DGGI को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और नए खुलासे सामने आ सकते हैं।



