रायपुर। राजधानी रायपुर में एक कथित “रेड रूम टेक्नो पार्टी” के आयोजन और उसके सोशल मीडिया प्रमोशन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि पार्टी के प्रचार सामग्री में नाबालिग लड़कियों का इस्तेमाल कर अश्लील तरीके से युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़े :- NEET 2026 Paper Leak : NEET पेपर लीक मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, पुणे से मास्टरमाइंड गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, इस पार्टी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार प्रमोट किया जा रहा है और इसे “फर्जी कैफे” नामक स्थान पर शुक्रवार को शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक आयोजित करने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि आयोजन के लिए 40 हजार, 20 हजार, 15 हजार, 10 हजार और 8 हजार रुपये तक की अलग-अलग टिकट/बुकिंग फीस तय की गई है, जबकि कलाकारों से मिलने के लिए अतिरिक्त शुल्क भी लिया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, इस आयोजन में नशे से जुड़े पदार्थ परोसे जाने की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे आयोजन की वैधता और अनुमति प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
मामले को लेकर शहर के सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने कड़ी आपत्ति जताई है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
एसीपी रमाकांत साहू ने कहा कि इस तरह के आयोजन की आधिकारिक जानकारी पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी प्रकार का अश्लील या नियमों के विरुद्ध आयोजन न हो।



