कोरबा। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम अरतेरा में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल में एक युवक और युवती के शव एक ही पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटके मिले। दोनों की पहचान मुकेश यादव (21) और मुनिता (18) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और बचपन से एक-दूसरे को जानते थे।
वीबी-जीरामजी से अब होंगे 375 प्रकार के अनुमेय कार्य – उप मुख्यमंत्री शर्मा
ग्रामीणों ने जंगल की ओर जाने के दौरान दोनों के शव देखे और इसकी जानकारी गांव में दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद लेमरू थाना प्रभारी लोकनाथ यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
शुक्रवार शाम से थे लापता
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार देर शाम तक मुकेश और मुनिता अपने-अपने घरों में मौजूद थे। इसके बाद दोनों कब घर से निकले, इसकी जानकारी परिवार के लोगों को नहीं थी। शनिवार सुबह दोनों के घर पर नहीं मिलने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जंगल में दोनों के शव मिलने की जानकारी सामने आई।
एक ही फंदे पर मिले शव
पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की परिस्थितियों और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है, हालांकि दोनों की मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों घर से कब निकले और जंगल तक किन परिस्थितियों में पहुंचे।
परिजनों के बयान दर्ज, जांच जारी
लेमरू थाना प्रभारी लोकनाथ यादव के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और मामले की जांच जारी है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।




