दुर्ग। जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में जमीन सौदे में धोखाधड़ी के गंभीर मामले में सिम्पलेक्स कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। दोनों पर जमीन को विवाद मुक्त बताकर बिक्री करने और बाद में फर्जीवाड़ा करने के आरोप हैं।
यह भी पढ़े :- कब है वट सावित्री व्रत? जानें पूजा विधि, शुभ नियम और क्या करें-क्या न करें
50 लाख में सौदा, 10 लाख एडवांस लेकर रजिस्ट्री से इनकार
शिकायतकर्ता सुनील कुमार सोमन के अनुसार, 13 मार्च 2023 को ग्राम कोहका की लगभग 0.10 हेक्टेयर जमीन का 50 लाख रुपये में सौदा हुआ था। आरोप है कि दंपती ने जमीन को पूरी तरह विवाद मुक्त बताकर भरोसा दिलाया और 10 लाख रुपये एडवांस भी ले लिए। लेकिन बाद में न तो जमीन की रजिस्ट्री की गई और न ही रकम वापस की गई।
बाद में सामने आया बड़ा फर्जीवाड़ा
पीड़ित का आरोप है कि बाद में पता चला कि वही जमीन पहले से किराए और लीज विवाद में फंसी हुई थी। यह जानकारी जानबूझकर छिपाई गई थी। इसके अलावा, यह भी सामने आया कि उसी जमीन के दस्तावेजों को गिरवी रखकर एक्सिस फाइनेंस लिमिटेड से करीब 4.5 करोड़ रुपये का लोन लिया गया।
कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुई FIR
शिकायत कई महीनों तक लंबित रहने के बाद मामला जिला अदालत पहुंचा। अदालत ने प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी की आशंका मानते हुए पुलिस को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद सुपेला पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 471 और 120B के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।
राजनीतिक कनेक्शन भी चर्चा में
मामले के सामने आने के बाद संगीता केतन शाह और उनके पति के कुछ नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। बताया जा रहा है कि संगीता शाह ने पिछले विधानसभा चुनाव में वैशाली नगर सीट से चुनाव भी लड़ा था।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है, जिसमें जमीन के दस्तावेज, बैंक लोन और लेन-देन की जांच शामिल है।



