भिलाई-दुर्ग: शनिवार और रविवार को भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं की श्रृंखला ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। एक के बाद एक हुई वारदातों से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़े :- अमेरिका में फिर गूंजीं गोलियां, प्रियंका चतुर्वेदी बोलीं-‘नरक बन चुका है देश’
शनिवार सुबह Special Task Force के एक आरक्षक की पत्नी और बेटे की हत्या का मामला सामने आया, जिसकी जांच अभी जारी ही थी कि Bhilai के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में 5 साल के मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। इस मामले में आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
इसी बीच खुर्सीपार थाना क्षेत्र के बालाजी नगर में बहन के साथ छेड़छाड़ से नाराज एक युवक ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों का इलाज BM Shah Hospital में जारी है।
रविवार सुबह Durg के जेवरा सिरसा पुलिस चौकी अंतर्गत करहीडीह गांव के पास करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का सिर कुचला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बेमेतरा निवासी के रूप में हुई है, जबकि आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
घटना की जांच जारी ही थी कि सुबह करीब 6 बजे दुर्ग के सराफा मार्केट में तीन नकाबपोश बदमाशों ने लूट की नीयत से एक ज्वेलरी दुकान के सुरक्षा गार्ड पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, खुर्सीपार थाना क्षेत्र के बापू नगर में 60 वर्षीय एक व्यक्ति ने 30 वर्षीय युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।



