जांजगीर-चांपा, 24 अप्रैल। Cyber Crime : जिले में साइबर अपराधों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत नवागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है
जांच में सामने आया कि नवागढ़ के राछाभाठा स्थित HDFC बैंक शाखा से जुड़े 6 बैंक खातों में वर्ष 2023 और 2024 के दौरान साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त कुल 20,40,244 रुपये जमा किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपी ननकी गौड़ ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों को पैसों का लालच देकर उनके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज हासिल किए। इसके बाद फर्जी तरीके से उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे।
इस पूरे रैकेट में लक्ष्मी वस्त्रालय के संचालक राजेश्वर साहू और HDFC बैंक में कार्यरत टीकाराम श्रीवास की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि ये लोग म्यूल अकाउंट में आए ठगी के पैसे को कमीशन लेकर निकालते थे।
पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य संलिप्त (Cyber Crime) लोगों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



