कोरिया। जिले के चरचा थाना क्षेत्र में देर रात पुरानी रंजिश के चलते हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। बाजार पारा इलाके में हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़े :- कोरबा में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरी, एक ही परिवार के तीन लोग घायल
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे चरचा कॉलरी के बाजार पारा में दो पक्षों के बीच विवाद अचानक हिंसक हो गया। इस दौरान धारदार हथियारों और ईंट-पत्थर से हमला किया गया, जिसमें कुल 5 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रीजनल अस्पताल चरचा और जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो रविवार रात फिर भड़क उठा और देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मामले में थाना प्रभारी आनंद सोनी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।



