Sachin Tendulkar visit : कभी नक्सल हिंसा के लिए सुर्खियों में रहने वाला बस्तर अब बदलती तस्वीर पेश कर रहा है। इसी बदलाव की झलक 22 अप्रैल को देखने को मिलेगी, जब महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपने परिवार के साथ दंतेवाड़ा पहुंचेंगे। उनका कार्यक्रम इंद्रावती नदी किनारे बसे छिंदनार गांव में प्रस्तावित है।
यह भी पढ़े :- Strait of Hormuz : ईरानी गार्ड्स ने भारतीय जहाज को बीच रास्ते रोका, कहा- तुरंत वापस जाओ
इस खास मौके पर सचिन तेंदुलकर स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया है। ग्रामीणों और बच्चों में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह है।
यह पहल सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन के माध्यम से की जा रही है, जो लंबे समय से बस्तर क्षेत्र में खेल और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। खासतौर पर उस दौर में यह प्रयास शुरू हुआ था, जब यह इलाका नक्सल समस्या से जूझ रहा था।
अब हालात में सुधार के बाद सचिन का यह दौरा न सिर्फ बच्चों के लिए यादगार पल साबित होगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक संदेश भी देगा कि बस्तर अब विकास और अवसरों की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।
हाल ही में फाउंडेशन की टीम ने भी छत्तीसगढ़ का दौरा कर दूरस्थ गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया था। इस दौरान स्थानीय स्तर पर सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई पहल पर चर्चा की गई।
सचिन के इस दौरे को बस्तर में बदलती तस्वीर और नई उम्मीद के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।



