रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित चर्चित हाइपर क्लब में देर रात मामूली बात को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई और धक्का-मुक्की में बदल गई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, क्लब में पार्टी कर रहे युवक-युवतियों के एक ग्रुप में एक युवक ने एक युवती को ‘हाय’ कहा, जिस पर दूसरे पक्ष के युवकों ने आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों गुटों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
यह भी पढ़े :- भारत के अंतिम छोर पर स्थित स्वास्थ्य एवं कल्याण इकोसिस्टम को मजबूत बनाना
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति तब और बिगड़ गई जब दोनों पक्ष क्लब से बाहर निकलकर पार्किंग में भी आपस में भिड़ गए। पुलिसकर्मियों के सामने ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होती रही।
बताया जा रहा है कि हाइपर क्लब में यह पहली बार नहीं है जब इस तरह का विवाद हुआ हो। इससे पहले भी यहां मारपीट और फायरिंग जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
गौरतलब है कि पुलिस और आबकारी विभाग ने क्लब संचालन के लिए सख्त नियम तय किए हैं, लेकिन इसके बावजूद लेट नाइट पार्टियों का सिलसिला जारी है। हाल ही में वीआईपी रोड के एक फर्जी कैफे में देर रात पार्टी पर पुलिस ने छापा मारा था, वहीं सेरीखेडी के पियानो क्लब में भी एक इन्फ्लुएंसर द्वारा युवतियों को शराब पिलाने का वीडियो वायरल हुआ था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लेट नाइट पार्टी आयोजित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, तेलीबांधा पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।



