Nitin Nabin Resignation : बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद उन्होंने नियमों के तहत यह कदम उठाया।
नितिन नवीन (Nitin Nabin Resignation ) ने अपना इस्तीफा बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को सौंपा। उनके इस्तीफे के बाद पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट अब रिक्त हो गई है, जिस पर जल्द ही उपचुनाव होना तय माना जा रहा है।
इस्तीफे की जानकारी खुद नितिन नवीन ने सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि वे बांकीपुर क्षेत्र के निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में पद छोड़ रहे हैं, लेकिन पार्टी द्वारा सौंपी गई नई जिम्मेदारी के तहत बिहार और अपने क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
नियमों के अनुसार, राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के 14 दिनों के भीतर विधायक पद से इस्तीफा देना अनिवार्य होता है, जिसके चलते उन्हें यह निर्णय लेना पड़ा।
बांकीपुर सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। ऐसे में इस सीट पर होने वाला उपचुनाव राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस सीट के संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। जिन नामों की चर्चा सामने आ रही है, उनमें संजय मयूख, ऋतुराज सिन्हा, रणवीर नंदन और अजय आलोक शामिल हैं।
इनमें संजय मयूख का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। वे वर्तमान में बिहार विधान परिषद के सदस्य होने के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी और प्रवक्ता भी हैं। साथ ही उन्हें देश के शीर्ष नेताओं जैसे नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह का करीबी माना जाता है।
बांकीपुर सीट पर होने वाला उपचुनाव आने वाले समय में बिहार की सियासत की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। (Nitin Nabin Resignation)



