पटना/टाटानगर। देश की सबसे आधुनिक और प्रीमियम ट्रेनों में शुमार वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express ) में खान-पान की गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। पटना से टाटानगर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express ) (ट्रेन नंबर 21896) में यात्रियों को परोसे गए दही में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़े :- IPL 2026 का दूसरा शेड्यूल जारी, रायपुर में 10 और 13 मई को होंगे बड़े मुकाबले
वायरल वीडियो से खुलासा
घटना 15 मार्च 2026 की बताई जा रही है। ट्रेन (Vande Bharat Express ) में सफर कर रहे एक यात्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया, जिसमें डिनर के साथ दिए गए दही के कप में कीड़े रेंगते नजर आए। यात्री का दावा है कि उसने एक से अधिक कप की जांच की और सभी में यही स्थिति पाई गई। बताया जा रहा है कि एक यात्री ने दही का कुछ हिस्सा खा भी लिया था, जिसके बाद उसे उसमें कीड़े होने का पता चला। शिकायत के बावजूद मौके पर मौजूद स्टाफ द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप भी लगाया गया है।
रेल मंत्रालय का सख्त एक्शन
वीडियो वायरल होने के बाद रेल मंत्रालय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कड़ा रुख अपनाया। मामले में IRCTC पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि संबंधित कैटरिंग कंपनी पर 50 लाख रुपये का दंड लगाया गया है। साथ ही, उक्त कंपनी का टेंडर तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।
गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं
भारतीय रेलवे के प्रवक्ता ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेष रूप से वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित वेंडर के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



