रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12वीं की हिंदी बोर्ड परीक्षा को रद्द कर दिया है। यह फैसला पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद लिया गया है। मंडल ने 14 मार्च 2026 को आयोजित परीक्षा को निरस्त करते हुए अब 10 अप्रैल 2026 को दोबारा परीक्षा कराने का आदेश जारी किया है।
यह भी पढ़े :- अब तो यह स्पष्ट है कि अफीम की खेती में भाजपा संलिप्त है – दीपक बैज
पेपर लीक मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए 7 सदस्यीय टीम गठित की गई है, जो अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रही है। अब तक आधा दर्जन से अधिक छात्रों को तलब कर पूछताछ शुरू की जा चुकी है।
जांच के दौरान व्हॉट्सएप ग्रुप के जरिए प्रश्न पत्र के प्रसार की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर किस नंबर से और किन माध्यमों से पेपर लीक हुआ। साइबर एक्सपर्ट, क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना पुलिस मिलकर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क को ट्रैक कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे रैकेट का खुलासा करने में जुटी हुई हैं।
गौरतलब है कि NSUI ने परीक्षा से पहले ही सोशल मीडिया और व्हॉट्सएप ग्रुपों में हिंदी पेपर के सवाल वायरल होने का दावा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल ने सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर सेल ने जांच शुरू की।
इस मुद्दे को लेकर NSUI ने विरोध प्रदर्शन भी किया था और मंडल का घेराव कर निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।



