बिलासपुर। शहर के बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मृतक की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस को घटनास्थल से एक जोड़ी चप्पल और युवक के हाथों में पहने कड़े मिले हैं। लेकिन ऐसी कोई पहचान संबंधी सामग्री या दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं, जिससे मृतक की शिनाख्त हो सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।
साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को युवक के बारे में जानकारी हो तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें।



