बिलासपुर। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम बिलासपुर प्रवास पर पहुंचे। उन्होंने आईजी रेंज कार्यालय स्थित सभागार में जिले के पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और हाल ही में राजकिशोर नगर में हुए लूटकांड के त्वरित खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना की।
आईजी कार्यालय पहुंचने पर पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डीजीपी का स्वागत किया। बैठक की शुरुआत अधिकारियों के परिचय से हुई, जिसके बाद डीजीपी ने राजकिशोर नगर के सर्राफा व्यवसायी से हुई लूट की विस्तृत जानकारी ली।
24 घंटे में गिरफ्तारी और शत-प्रतिशत रिकवरी की सराहना
डीजीपी गौतम ने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और शत-प्रतिशत माल बरामदगी पर बिलासपुर पुलिस की प्रशंसा की। उन्होंने अंतर्राज्यीय समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसी सक्रियता बनाए रखी जाए।
गश्त, चेकिंग और आसूचना तंत्र पर जोर
उन्होंने निर्देश दिए कि गश्त-पेट्रोलिंग, संदिग्धों की चेकिंग, होटल-लॉज की जांच और आसूचना तंत्र को मजबूत किया जाए। सर्राफा, बैंक और अन्य संवेदनशील स्थलों की नियमित जांच तथा सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
डीजीपी ने राजपत्रित अधिकारियों को थानों का गुणवत्तापूर्ण पर्यवेक्षण करने, फरियादियों की शिकायतें संवेदनशीलता से सुनने और थाना प्रभारियों द्वारा स्वयं रिपोर्ट सुनकर एफआईआर दर्ज करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नाकाबंदी व्यवस्था सुधारने और संदिग्ध मर्ग प्रकरणों की गंभीर जांच के निर्देश भी दिए।
अभियोजन और ई-प्रणाली पर फोकस
संयुक्त संचालक अभियोजन माखनलाल पाण्डेय को विवेचना की गुणवत्ता सुधारने तथा आईसीजेएस सिस्टम के तहत ई-चालान और ई-साक्ष्य प्रक्रिया को न्यायालयों के समन्वय से शीघ्र लागू करने की दिशा में कार्य करने को कहा गया।
फायर सेफ्टी और ऑडिट पर भी चर्चा
बैठक में होमगार्ड डीआईजी लक्ष्मी चंद्रा वर्मा और अग्निशमन अधिकारी भी मौजूद रहे। डीजीपी ने फायर सेफ्टी और फायर ऑडिट को लेकर जिले की स्थिति की जानकारी ली तथा सिरगिट्टी और मोपका में हुए अग्निकांडों की विस्तृत रिपोर्ट जिला एवं पुलिस प्रशासन से साझा करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पूर्व तैयारी की जा सके।
बैठक के दौरान डीजीपी ने विभिन्न घटनाओं और अनुभवों के उदाहरण देते हुए पुलिसिंग की बारीकियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने आईजी रामगोपाल गर्ग को रेंज के सभी जिलों में दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन और सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।



