रायपुर। दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर लाखों रुपये वसूलने के मामले में थाना पंडरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह वर्ष 2019 से 2025 तक रिलायंस स्टोर में कार्यरत थी, जहां उसकी पहचान सहकर्मी नित्या कुमार बरिहा से हुई। आरोपी ने विवाह का झांसा देकर उसे मोवा-पंडरी क्षेत्र स्थित किराए के मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी ने पैसों की जरूरत बताकर 18 जनवरी 2025 को पीड़िता से 52 हजार रुपये ऑनलाइन लिए। जब पीड़िता ने रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बनाने का दावा करते हुए उसे वायरल करने की धमकी दी और लगातार ब्लैकमेल करता रहा। आरोप है कि इस तरह आरोपी ने ऑनलाइन और नकद मिलाकर कुल 3 लाख 67 हजार रुपये वसूल लिए।
पीड़िता की शिकायत पर थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 02/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना पंडरी पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नित्या कुमार बरिहा (30 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगरीपाली, थाना सांकरा, जिला महासमुंद को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोबाइल फोन प्रस्तुत नहीं किया और पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी देने व ब्लैकमेलिंग के तथ्य सामने आने पर मामले में धारा 308(2) और 238 बीएनएस भी जोड़ी गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




