रायपुर। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर छत्तीसगढ़ पहुंचे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उसे सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास हिंसा और असत्य का नहीं, बल्कि सत्य और अहिंसा का इतिहास रहा है।
कन्हैया कुमार सरगुजा में गैर-राजनीतिक संगठनों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आज गांधी जी का बलिदान दिवस है और यह दिन सत्य व अहिंसा के रास्ते पर चलने का संकल्प लेने का है। उन्होंने छत्तीसगढ़ आगमन को अपने लिए सौभाग्य की बात बताया।
गोडसेवादी राजनीति पर साधा निशाना
कन्हैया कुमार ने गोडसेवादी राजनीति पर हमला बोलते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था— “वैष्णव वही है, जो दूसरों की पीड़ा में दुखी हो”, लेकिन आज हालात इसके उलट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज की राजनीति दूसरों की पीड़ा में खुशी महसूस करने वाली नफरत की राजनीति बन चुकी है। ऐसे माहौल में गांधी को बार-बार याद करना और उनके विचारों को अपनाना जरूरी हो गया है।
नक्सलवाद पर सरकार की डेडलाइन पर प्रतिक्रिया
सरकार द्वारा 31 मार्च तक नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सीपीआई नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि हिंसा किसी भी रूप में सही नहीं है। उन्होंने कहा कि चाहे हिंसा कोई भी करे, उससे मनुष्यता को नुकसान होता है।
कन्हैया कुमार ने कहा कि सरकार यदि ऐसे दावे करती है तो यह अच्छी बात है, लेकिन स्थायी समाधान संवाद, शांति और लोकतांत्रिक रास्ते से ही संभव है।



