रायपुर। राजधानी रायपुर में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोगो (रोलिंग पेपर) और हुक्का से जुड़ी प्रतिबंधित सामग्री के विशाल नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन द्वारा की गई इस कार्रवाई में 2 लाख रुपये से अधिक मूल्य का गोगो रोलिंग पेपर जब्त किया गया, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से गांजा जैसे सूखे नशे के लिए किया जाता है।
पुलिस ने COTPA एक्ट (सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) के उल्लंघन पर शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित 9 पान ठेलों और गुमटियों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इन ठेलों की आड़ में युवाओं को नशे की ओर धकेलने का संगठित गोरखधंधा चल रहा था।

दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में थोक विक्रेताओं, सप्लायरों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। पुलिस का दावा है कि जांच में नशे से जुड़े पूरे तंत्र की तस्वीर स्पष्ट हो चुकी है और आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर और गिरफ्तारियां की जाएंगी।

यह ऑपरेशन DCP नॉर्थ के सीधे निर्देशन में अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने इसे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नशा मुक्ति अभियान’ की बड़ी सफलता बताया है। पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



