रायपुर। ED कार्रवाई की अफवाहों को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता अजय चंद्राकर खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ तरह-तरह की बातें फैलाई जा रही हैं और यह सब सुनियोजित अफवाहों का हिस्सा है। विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि वे राजनीति में और हर तरह की लड़ाई लड़ने में सक्षम हैं, लेकिन कमर के नीचे वार करना किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि युद्ध हमेशा आमने-सामने होता है, छुपकर नहीं। अब देखना यह है कि पहले “गोली” कौन चलाता है।
सोमवार को अपने रायपुर स्थित निवास में मीडिया से चर्चा करते हुए अजय चंद्राकर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन की टीम में छत्तीसगढ़ के नेताओं को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा, क्योंकि वे यहां के नेताओं की क्षमता और जमीनी राजनीति को भली-भांति जानते हैं।
D.Ed-B.Ed अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि यह उनके लिए नया विषय है। सरकार नियमानुसार नियुक्तियां निकालती है—विज्ञापन आता है, अभ्यर्थी आवेदन करते हैं और प्रक्रिया आगे बढ़ती है। इसे लेकर भ्रम फैलाना ठीक नहीं है।
‘जी राम जी’ को लेकर कांग्रेस की आपत्ति पर अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को यदि आपत्ति है तो वह बिंदुवार बहस करे। अगर सरकार से बहस नहीं कर सकते तो उनसे कर लें। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस के निराधार आरोपों का जवाब देना भाजपा की मजबूरी नहीं है।
मनरेगा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पहले कानून में राज्यों को नाम जोड़ने की छूट थी और छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी योजना का नाम भी उसी आधार पर रखा गया था। बाद में कांग्रेस के दबाव में उसमें बदलाव किया गया। अंत में उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के नाम और पहचान से ही समस्या है।



