रायपुर। राजधानी रायपुर के मेटल पार्क रावाभांटा क्षेत्र से हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला पर आरोप है कि उसने ट्रांसपोर्ट व्यवसायी को झूठे आपराधिक प्रकरण में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये मूल्य का मकान और कीमती आभूषण अपने नाम करवा लिए।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़- झारखंड बॉर्डर पर दर्दनाक हादसा: बस पलटने से 10 की मौत, 78 घायल
सूत्रों के अनुसार, महिला करीब 10 वर्षों तक मजदूरी का कार्य करती रही और इसी दौरान उसकी पहचान एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लगभग सात वर्षों तक आपसी संबंध रहे। इसी अवधि में महिला ने व्यवसायी पर दबाव बनाना शुरू किया।
मकान बनवाकर रजिस्ट्री अपने नाम कराने का आरोप
आरोप है कि व्यवसायी ने महिला के कहने पर एक मकान का निर्माण कराया, लेकिन बाद में महिला ने रजिस्ट्री में अपना नाम जोड़वा लिया। जब व्यवसायी ने इसका विरोध किया, तो महिला ने उस पर दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाने और जेल भिजवाने की धमकी दी।
डर और सामाजिक प्रतिष्ठा के दबाव में व्यवसायी ने हक–त्याग विलेख के माध्यम से संपत्ति महिला के नाम कर दी। विलेख में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि भविष्य में महिला द्वारा किसी प्रकार की शिकायत या अतिरिक्त धन की मांग की जाती है, तो विलेख को अमान्य माना जाएगा।
लाखों के आभूषण दिलवाने का भी दावा
सूत्रों का दावा है कि सात वर्षों के दौरान महिला ने व्यवसायी से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी खरीदे, जिससे उसके पास बड़ी मात्रा में जेवरात एकत्र हो गए। पूरे घटनाक्रम को हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।
राजनीतिक संपर्क की चर्चा, लोग बोलने से कतरा रहे
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला के राष्ट्रीय राजनीतिक दल से जुड़े होने की चर्चा है, जिसके चलते कॉलोनी के निवासी और पीड़ित पक्ष खुलकर सामने आने से हिचक रहे हैं। इसी कारण मामला लंबे समय तक सार्वजनिक नहीं हो पाया।
पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर सवाल
फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है। प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू होने का इंतजार किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर यह मांग उठ रही है कि यदि आरोप सही हैं, तो ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप जैसे गंभीर मामलों में निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
नोट: यह खबर उपलब्ध सूत्रों और आरोपों पर आधारित है। जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



