रायपुर। राजधानी रायपुर के टाटीबंध इलाके में रूम हीटर के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। घटना के समय बुजुर्ग घर में अकेले थे और उनका बेटा घर का दरवाजा बाहर से लॉक करके बाजार चला गया था। इसी दौरान रूम हीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी और पूरा घर आग की लपटों में घिर गया।
यह भी पढ़े :- रायपुर में ऑपरेशन निश्चय की बड़ी सफलता- ओडिशा से 3000 नशीली गोलियां लेकर आए तीन तस्कर गिरफ्तार, 4 लाख रुपये की जब्ती
बुजुर्ग ने खुद को बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन बाहर से लॉक होने के कारण वे घर से बाहर नहीं निकल पाए। आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देखकर तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन दरवाजा लॉक होने से उन्हें अंदर पहुंचने में काफी देर लग गई। आग इतनी तेजी से फैल गई कि बुजुर्ग आग की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की भयावह स्थिति साफ दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में किसी आपराधिक कोण से इनकार किया है। मुख्य वजह रूम हीटर में शॉर्ट सर्किट और घर का बाहर से लॉक होना बताया जा रहा है।
पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



