रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन में शुरू होने जा रहा है। सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पत्रकारों से चर्चा की और कई अहम जानकारियां साझा कीं।
यह भी पढ़े :- रायपुर के राजस्व न्यायालयों में बिकता है न्याय – दाम दो, फैसला लो – भष्ट्र तहसीलदारों की दास्तां
डॉ. रमन सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह पहली बार होगा जब रविवार के अवकाश के दिन भी सदन की कार्यवाही चलेगी। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि 14 दिसंबर 2000 को, यानी राज्य गठन के बाद, विधानसभा की पहली बैठक हुई थी। उस समय राजकुमार कॉलेज परिसर स्थित जशपुर हॉल में टेंट लगाकर बैठक आयोजित की गई थी। 25 वर्षों की इस यात्रा ने अब राज्य को भव्य नए विधानसभा भवन तक पहुंचा दिया है।

अध्यक्ष ने बताया कि अब तक 25 वर्षों में कुल 76 सत्रों में 773 बैठकें हुई हैं और सदन की कार्यवाही 3456 घंटे 19 मिनट चली है।
कार्यसूची और प्रमुख बिंदु
सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा, कुल 4 बैठकें होंगी।
- अब तक 628 प्रश्नों की सूचना प्राप्त हुई है-
- 333 तारांकित
- 295 अतारांकित
- 99.17% प्रश्न ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं।
- 48 ध्यानाकर्षण, 1 लोक महत्व का विषय, 9 अशासकीय संकल्प, 4 शून्यकाल और 77 याचिकाओं पर चर्चा होगी।
- 16 दिसंबर को अनुपूरक मांगों पर चर्चा की जाएगी।
छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनिमय) संशोधन विधेयक 2025 (क्रमांक 28/2025) को सदन में पारित किया जाएगा।
विभागों से प्राप्त प्रतिवेदन भी सदन पटल पर रखे जाएंगे।
यह सत्र कई दृष्टियों से ऐतिहासिक होने वाला है, खासकर नवा रायपुर के नए भवन में पहली बार रविवार को होने वाली कार्यवाही के कारण।



