रायपुर। ऑनलाइन बैटिंग साइट jmdbet777.com के पैनल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पिछले करीब 9 महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मामले से संबंधित दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
चारपहिया वाहनों में चल रहा था सट्टे का कारोबार
पुलिस के मुताबिक, गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली अंडरब्रिज के पास चारपहिया वाहनों में ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने का मामला सामने आया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह सटोरियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और तीन कारें जब्त की गई थीं।
जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 92.50 लाख रुपये बताई गई थी। इस मामले में गंज थाना में अपराध क्रमांक 30/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की गई थी।
ऑनलाइन बैटिंग साइट का पैनल चलाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, मामले में ऑनलाइन बैटिंग साइट jmdbet777.com की आईडी लेकर पैनल संचालित करने वाला नितिन मोटवानी घटना के बाद से फरार था। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई थीं।
इसी दौरान पुलिस को आरोपी की रायपुर में मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर ऑनलाइन बैटिंग साइट का पैनल संचालित करने की बात स्वीकार की।
आरोपी के मोबाइल फोन जब्त
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन मोटवानी (45 वर्ष), पिता बीजू मोटवानी, निवासी सी-304, पाल्म बैलाजियो, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से घटना से संबंधित दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।




