महासमुंद। बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के तमोरा जंगल में जंगली सूअर के शिकार की सूचना पर जांच के लिए पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला करने और करीब 6 घंटे तक बंधक बनाए रखने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 40 से 50 महिला-पुरुषों ने वनकर्मियों को घेरकर लाठी-डंडों से मारपीट की।
घटना तमोरा गांव के पास वन कक्ष क्रमांक 95 और 96 में बीती रात हुई। वन विभाग की टीम में रेंजर नवीन वर्मा, आमाकोनी के डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा, वन रक्षक और वॉचर समेत छह कर्मचारी शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक, जंगली सूअर के शिकार की सूचना मिलने के बाद वन अमला जंगल में जांच करने पहुंचा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौके पर पहुंचे और टीम को घेर लिया। वन विभाग के अनुसार, इस दौरान वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। रेंजर, डिप्टी रेंजर और चौकीदार राकेश ध्रुव समेत कुछ कर्मचारियों को जंगल में करीब छह घंटे तक बंधक बनाए रखने का आरोप है।
बंधक बनाए गए वनकर्मियों ने मोबाइल फोन के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और वन विभाग के अधिकारी रात में मौके पर पहुंचे और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना में घायल वन अधिकारियों और कर्मचारियों का रात में ही स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। फिलहाल चोटों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और वन विभाग की टीम घटना में शामिल लोगों की पहचान और विवाद की वजह की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




