रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से कथित धमकी और 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। रायपुर पुलिस ने शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसके अलावा बीजेपी नेता के भांजे टीनू भारद्वाज को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
यह भी पढ़े :-
दोनों से तेलीबांधा थाना पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कुकरेजा को धमकी दिए जाने की कथित साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका रही है और धमकी के लिए इस्तेमाल किए गए इंटरनेट कॉल का नेटवर्क किस तरह तैयार किया गया था।
जांजगीर-चांपा से पकड़े गए युवक से मिला सुराग
पुलिस ने इस मामले में पहले जांजगीर-चांपा जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि वह एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता है। आरोप है कि इसी युवक से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर आनंद कुकरेजा को फोन करवाया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर पता चला कि इंटरनेट कॉल के लिए इस्तेमाल किए गए कनेक्शन में शोएब ढेबर से जुड़ा एक लिंक सामने आया। पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच की मदद से व्हाट्सऐप से जुड़े तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
मेमन समाज के कार्यक्रम से थाने ले गई पुलिस
पुलिस ने शनिवार देर रात शोएब ढेबर को मेमन समाज के एक कार्यक्रम से पूछताछ के लिए अपने साथ लिया। इसके बाद उससे तेलीबांधा थाने में पूछताछ की गई।
जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने टीनू भारद्वाज को भी पूछताछ के लिए बुलाया। इसके अलावा एक होटल के तीन कर्मचारियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस खंगाल रही पूरे नेटवर्क को
पुलिस का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि धमकी देने की कथित योजना किसने बनाई, इंटरनेट कॉल की व्यवस्था कैसे हुई और इसमें कितने लोग शामिल थे। शोएब ढेबर से पूछताछ के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही है।
एजाज ढेबर को भी मिल चुकी है धमकी
इससे पहले पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी कथित तौर पर बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग के नाम से धमकी देकर 50 करोड़ रुपये की मांग किए जाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में एजाज ढेबर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आनंद कुकरेजा को मिली कथित धमकी और एजाज ढेबर से जुड़े पुराने मामले के बीच कोई आपसी कनेक्शन है या नहीं। फिलहाल पुलिस पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।




