रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने वांटेड आरोपी अभिषेक कुमार को हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी दुबई से भारत पहुंचा था, जहां राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जांच एजेंसी ने उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद CBI उसे रायपुर लेकर पहुंची और कोर्ट में पेश किया। रायपुर अदालत ने आरोपी की दो दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, अभिषेक कुमार महादेव बुक के पैनल कोऑर्डिनेशन और फंड जुटाने से जुड़े काम में भूमिका निभाता था। उस पर सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करने का आरोप है। CBI की जांच में अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्ति खरीदने से जुड़ी गतिविधियों की बात भी सामने आई है।
CBI महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े छत्तीसगढ़ के अलग-अलग थानों में दर्ज 13 FIR के आधार पर जांच कर रही है। जांच में मुख्य प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर और हवाला नेटवर्क से जुड़े लोगों के अलावा कुछ सरकारी कर्मचारियों के नाम भी सामने आए हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, अब तक करीब 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट अदालत में पेश की जा चुकी हैं। फिलहाल CBI अभिषेक कुमार से सट्टा नेटवर्क, फंडिंग और अन्य आरोपियों से उसके संबंधों को लेकर पूछताछ कर रही है।




