Rajya Sabha Election 2026 : भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की खाली हो रही सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। तीनों राज्यों में मतदान और मतगणना की प्रक्रिया 16 अक्टूबर 2026 को होगी।
यह भी पढ़े :- असम में भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव, कारों के टूटे शीशे
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव के लिए 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 16 अक्टूबर को मतदान के बाद इसी दिन मतगणना भी होगी। (Rajya Sabha Election 2026)

यूपी के 10 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल होगा पूरा
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, गीता शाक्य उर्फ चंद्रप्रभा, नीरज शेखर, बृजलाल, प्रोफेसर राम गोपाल यादव, रामजी गौतम, बी.एल. वर्मा, सीमा द्विवेदी, दिनेश शर्मा और हरदीप सिंह पुरी का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है।
वहीं, उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल भी समाप्त होने वाला है। इन सीटों पर नए सदस्यों के निर्वाचन के लिए चुनाव कराया जाएगा।
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर भी चुनाव
निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए भी चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी के मद्देनजर चुनाव प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इन आठ सीटों पर होगा चुनाव
बिहार विधान परिषद की जिन सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही इन निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
29 सितंबर से नामांकन, 6 अक्टूबर आखिरी तारीख
बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए भी 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी और इसी के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान और मतगणना की तारीख से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम निर्वाचन आयोग के निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार होगा। (Rajya Sabha Election 2026)




