बेमेतरा। जहरीले सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू करने वाले स्नेक कैचर की एक छोटी सी चूक जानलेवा साबित हो गई। मुरता गांव में सांप पकड़ने के दौरान स्नेक कैचर मनीष पाटिल को सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़े :- थाने के सामने ‘आज जेल होई, कल बेल होई’ पर रील बनाना पड़ा भारी, वायरल VIDEO के बाद महिला पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, मुरता गांव में सांप निकलने की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम स्नेक कैचर मनीष पाटिल को अपने साथ लेकर मौके पर पहुंची थी। मनीष सांप को रेस्क्यू कर रहे थे, तभी अचानक सांप ने उन्हें डस लिया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजन और टीम के लोग उन्हें तत्काल नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे। वहां हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया। बिलासपुर में उपचार के दौरान मनीष ने दम तोड़ दिया।
सैकड़ों सांपों का कर चुके थे रेस्क्यू
नवागढ़ निवासी मनीष पाटिल लंबे समय से सांपों को रेस्क्यू करने का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अब तक सैकड़ों जहरीले और खतरनाक सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा था। लोगों के लिए मददगार साबित होने वाले मनीष की अचानक मौत से परिवार और परिचितों में मातम है।
परिजनों ने इलाज में देरी का लगाया आरोप
मनीष की मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें समय पर उचित इलाज नहीं मिल पाया, जिसके चलते उनकी हालत बिगड़ती चली गई। हालांकि इलाज में देरी को लेकर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित स्तर पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




