सरगुजा। पटवारी कार्यालय में घुसकर मारपीट करने के मामले में सरगुजा जिला प्रशासन ने भाजपा नेता जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू कुजूर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सरगुजा कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अजीत वसंत ने उसे एक वर्ष की अवधि के लिए जिलाबदर करने का आदेश जारी किया है। इसके तहत जितेंद्र कुजूर को सरगुजा समेत छह जिलों की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़े :- AK-47 की सफाई के दौरान चली दो गोलियां, CISF प्रधान आरक्षक की मौत
जिला दंडाधिकारी के आदेश के अनुसार, जितेंद्र कुजूर ग्राम सोहगा, दरिमा का निवासी है। वह फिटनेस ट्रेनर होने के साथ दरिमा मंडल में भाजपा का सक्रिय नेता भी बताया गया है। वह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहता है और भाजपा के कई नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें साझा करता रहा है।
एसएसपी के प्रतिवेदन पर हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने जितेंद्र कुजूर के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन जिला दंडाधिकारी अजीत वसंत के न्यायालय में प्रस्तुत किया था। प्रतिवेदन के आधार पर उसे नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। सुनवाई के बाद जिला दंडाधिकारी ने उसे एक वर्ष के लिए सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, बलरामपुर और सूरजपुर जिले की सीमा से निष्कासित करने का आदेश दिया।
22 अप्रैल को पटवारी कार्यालय में हुई थी मारपीट
मामला 22 अप्रैल 2026 का है। आरोप है कि जितेंद्र कुजूर कंठी स्थित पटवारी कार्यालय में पहुंचा और पटवारी प्रकाश मंडल तथा कंप्यूटर ऑपरेटर से मारपीट की। बताया गया कि वह राजस्व निरीक्षक के संबंध में जानकारी लेने कार्यालय पहुंचा था।
पटवारी ने उसे बताया कि राजस्व निरीक्षक लंच के लिए गई हैं। इसके बाद आरोपी ने फोन लगाने को कहा। पटवारी ने कार्यालय की दीवार पर लिखे नंबर से खुद फोन लगाने की बात कही और कहा कि फोन नहीं उठाने पर वह बात करा देंगे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने पटवारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे कंप्यूटर ऑपरेटर से भी मारपीट की गई। आरोप है कि पटवारी जब बचने के लिए कार्यालय से बाहर निकले तो आरोपी ने वहां भी लात और डंडे से हमला किया। इसके बाद पटवारी किसी तरह कमरे में पहुंचे और दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई।
घटना की शिकायत के बाद दरिमा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। अब जिला प्रशासन ने पुलिस के प्रतिवेदन और सुनवाई के बाद उसे आदतन बदमाश मानते हुए एक साल के लिए जिलाबदर करने की कार्रवाई की है।




