दंतेवाड़ा। जिले के बचेली में हथियार की सफाई के दौरान गोली चलने से CISF के प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। हादसा 10-11 ए कैंप के पोटाकेबिन-03 में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, AK-47 की सफाई के दौरान अचानक दो गोलियां चल गईं, जिनकी चपेट में आने से प्रधान आरक्षक दत्तात्राया गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़े :- 200 रुपये के उधार ने बढ़ाया विवाद, युवक पर चाकू से हमला; सिम्स में भर्ती
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
हादसे के बाद घायल जवान को तत्काल उपचार के लिए अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
महाराष्ट्र के रहने वाले थे जवान
मृतक प्रधान आरक्षक दत्तात्राया महाराष्ट्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हथियार की सफाई के दौरान किन परिस्थितियों में अचानक दो गोलियां चलीं।
FSL जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम की मदद ली है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद ही गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।




