रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में नाबालिग बच्चों को डराने-धमकाने और ब्लैकमेल कर उनसे पैसे व जेवरात मंगवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नाबालिग से मंगवाए गए सोने के कान के टॉप्स और चेन बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़े :- कन्या छात्रावास में नहीं बना खाना, 40 में से 38 छात्राएं घर लौटीं; अधीक्षक के अचानक गायब होने पर हंगामा
मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के अशोक नगर का है। जानकारी के मुताबिक, 11 वर्षीय बच्ची अपनी मामी के साथ रहती है। इसी इलाके में वंदना साहू अपने पति दीपक साहू के साथ रहती थी। आरोप है कि दोनों ने बच्ची को डराने-धमकाने के साथ उस पर दबाव बनाया और उसके घर से सोने-चांदी के जेवरात लाने को कहा।
नानी का रानीहार भी ले आई बच्ची
शिकायत के अनुसार, 2 सितंबर को बच्ची अपनी नानी का रानीहार भी चोरी-छिपे निकालकर वंदना साहू को दे आई। आरोप यह भी है कि पति-पत्नी ने बच्ची पर दबाव डालकर उससे नगद रकम भी मंगवाई।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि मोहल्ले के अन्य बच्चों को कथित तौर पर डराया-धमकाया जाता था और उनसे पैसे तथा जेवरात की उगाही की जाती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 308(2) और 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने दबिश देकर दोनों को पकड़ा
नॉर्थ जोन की डिप्टी कमिश्नर दीपमाला कश्यप ने एडीसीपी आदित्य पाण्डेय समेत पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने पीड़ित परिवार और नाबालिग से पूछताछ कर आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई।
तकनीकी और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर वंदना साहू और दीपक साहू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नाबालिग से कथित तौर पर मंगवाए गए सोने के कान के टॉप्स और चेन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी है।




