रायपुर। शहर के टिकरापारा इलाके में रविवार को किराये के मकान में चल रही प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा हो गया। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने सभा का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा की आड़ में ग्रामीणों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रार्थना सभा का विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी होने लगी। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच भी बहस की स्थिति बनी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने कथित धर्मांतरण के मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मौके पर स्थिति शांत हुई।
जांच के बाद स्पष्ट होगी वास्तविक स्थिति
फिलहाल पुलिस प्रार्थना सभा के आयोजन और लगाए गए धर्मांतरण के आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




