बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र की RPF कॉलोनी में रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर नरेश गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, बारिश के पानी के छींटे पड़ने के बाद सुपरवाइजर द्वारा थप्पड़ मारे जाने से नाराज नाबालिग ने कथित तौर पर बदला लेने की योजना बनाई और रात में कंस्ट्रक्शन साइट में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़े :- रेलवे लाइन किनारे नाले में मिला युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज और पुलिस की जांच के आधार पर नाबालिग तक पहुंच बनाई गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या के पीछे की वजह बताई है।
पानी की टंकी के पास मिला था खून से सना शव
मामला तोरवा थाना क्षेत्र स्थित RPF कॉलोनी का है। गुरुवार सुबह रेलवे कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने पहुंचे कर्मचारियों ने नरेश गुप्ता को आवाज दी और फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारी अंदर गए तो वहां नरेश का खून से सना शव पड़ा मिला।
मृतक की पहचान नरेश गुप्ता (35), निवासी आरा, बिहार के रूप में हुई है। वह रेलवे ठेकेदार अनिल सिंह की कंस्ट्रक्शन साइट पर सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहा था।
सूचना मिलते ही GRP, RPF और तोरवा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। FSL टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
CCTV में कैद हुआ संदिग्ध
जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में एक संदिग्ध युवक हाफ पैंट और टी-शर्ट में नजर आया। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध ने स्टोर रूम के पास रखी लोहे की वस्तु/हथौड़े से नरेश के सिर पर हमला किया। गंभीर चोट लगने के बाद नरेश जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।
बारिश के पानी के छींटे से शुरू हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने कथित तौर पर बताया कि मंगलवार रात तेज बारिश हो रही थी और वह साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े नरेश के ऊपर साइकिल से बारिश के पानी के छींटे पड़ गए।
आरोप है कि इस बात से नाराज नरेश ने उसे रास्ते में रोक लिया और तीन थप्पड़ मार दिए। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि इस घटना से वह खुद को अपमानित महसूस कर रहा था और उसने इसका बदला लेने की ठान ली।
रात में साइट में घुसकर की वारदात
पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने कथित तौर पर पहले वारदात की योजना बनाई। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे वह कंस्ट्रक्शन साइट के पीछे से अंदर दाखिल हुआ। वहां से हथौड़ा और अन्य भारी सामान लेकर वह नरेश के कमरे के पास पहुंचा।
बताया जा रहा है कि नरेश के सो जाने का इंतजार करने के बाद नाबालिग ने कथित तौर पर हथौड़े से उसके सिर पर कई वार किए। वारदात के बाद वह मौके से निकल गया।
पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या में इस्तेमाल सामान और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।




