कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) अस्पताल के 30 वर्षीय चिकित्सक डॉ. एल्विन ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उनका शव अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला।
यह भी पढ़े :- रायपुर में आधी रात खूनी हमला: बचने के लिए भागा युवक, सड़क पर गिरते ही हमलावरों ने कर दी हत्या
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो कर्मचारियों ने शुरू की तलाश
जानकारी के मुताबिक, केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी। करीब एक साल पहले उनकी पदस्थापना कोरबा स्थित ESIC अस्पताल में हुई थी। वह अस्पताल परिसर में मिले कर्मचारी आवास में अकेले रहते थे।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे उनकी ड्यूटी थी, लेकिन वह अस्पताल नहीं पहुंचे। कर्मचारियों ने उनके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम करीब 4 बजे तक जब उनसे संपर्क नहीं हो सका, तो कुछ कर्मचारी उनके आवास पर पहुंचे।
बाथरूम में फंदे पर मिला शव
आवास पर पहुंचने के बाद कर्मचारियों ने जब अंदर जाकर देखा तो डॉक्टर का शव बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




