कोरबा। जिले में बजाज फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी पर लोन दिलाने और उसे समय से पहले बंद कराने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी कर्मचारी शशांक सिंह पर आरोप है कि उसने लोन की किश्तें जमा करने और खाता बंद कराने के बहाने हितग्राहियों से रकम अपने निजी खाते में ट्रांसफर करवा ली। अब तक तीन अलग-अलग मामलों में करीब 10 लाख रुपये की ठगी की शिकायत सामने आ चुकी है।
यह भी पढ़े :- शराब दुकान के सामने पूर्व जनपद सदस्य के पति की गला रेतकर हत्या, भागते आरोपियों ने बुजुर्ग पर भी किया चाकू से हमला
मामले की गंभीरता को देखते हुए बालको थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस 1: लोन बंद कराने के नाम पर महिला से 2 लाख की ठगी
बालको थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी शशांक सिंह ने लोन की किश्त जमा करने और खाता बंद कराने का झांसा देकर उनसे लगभग 2 लाख रुपये अपने निजी खाते में जमा करवा लिए। बाद में जब महिला को पता चला कि उनके लोन खाते में कोई रकम जमा ही नहीं हुई है, तब ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।
केस 2: जूस सेंटर संचालक से 5 लाख रुपये ऐठे
दूसरी शिकायत बजरंग चौक (राताखार) निवासी संदीप सिंह ने पुलिस अधीक्षक से की है। संदीप दीनदयाल मार्केट में जूस सेंटर चलाते हैं। उन्होंने जुलाई 2025 में बजाज फाइनेंस से 5.49 लाख रुपये का लोन लिया था, जिसकी मासिक किश्त 14,164 रुपये थी।

आरोपी शशांक सिंह संदीप के पास पहुंचा और दावा किया कि यदि वे 5 लाख रुपये एकमुश्त जमा कर देते हैं, तो वह उनका पूरा लोन खाता बंद करा देगा। झांसे में आकर संदीप ने अगस्त 2025 में आरोपी को 3 लाख रुपये के चेक (जो भुना लिए गए) और 2 लाख रुपये नकद, यानी कुल 5 लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद उनका लोन खाता बंद नहीं हुआ। शिकायत पर बालको पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी फरार, दिल्ली में लोकेशन मिलने की सूचना
शिकायतकर्ताओं ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी ने लोन बंद कराने के बहाने उनके महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने पास रख लिए हैं, जिनका दुरुपयोग हो सकता है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि बालको थाने में मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी शशांक सिंह फरार है। पुलिस की शुरुआती जांच में उसके दिल्ली में छिपे होने की जानकारी मिली है। पुलिस टीम का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



