रायपुर। रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के पास चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो गया है। सड़क पर पानी जमा होने से वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है। स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस, दुर्ग ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
यह भी पढ़े :- साय मंत्रिपरिषद की अहम बैठक 30 सितंबर को, कई मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रायपुर की ओर यात्रा करने से पहले पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। संभव हो तो जलभराव वाले प्रभावित मार्ग से बचते हुए निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। वाहन चालकों से पुलिसकर्मियों के निर्देशों और डायवर्सन व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।

राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों के लिए मार्ग
राजनांदगांव की ओर से रायपुर आने वाले भारी वाहन अंजोरा बाईपास से पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंच सकेंगे। भारी वाहनों को जलभराव वाले प्रभावित क्षेत्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
बालोद से रायपुर जाने वाले भारी वाहन
बालोद की ओर से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों के लिए अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंचने का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। पुलिस के अनुसार, इससे प्रभावित क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
ट्रांसपोर्ट नगर और भिलाई से आने वाले वाहनों का डायवर्सन
ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई अथवा नेशनल हाईवे से रायपुर की ओर आने वाले वाहनों को अहिरवारा मोड़ से कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव होते हुए रायपुर जाने की सलाह दी गई है।
भिलाई और बीएसपी कर्मचारियों के लिए वैकल्पिक मार्ग
भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के कर्मचारियों के रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर मार्ग निर्धारित किया गया है। कर्मचारियों से प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक यातायात दबाव बढ़ाने से बचने के लिए इस वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है।
जलभराव वाले क्षेत्र में जाने से बचें
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि वाहन चालक पर्याप्त समय लेकर यात्रा शुरू करें और रास्ते में यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर चंदनडीह के पास जलभराव के कारण फिलहाल वाहनों की गति प्रभावित है। ऐसे में यात्रियों और वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।




