गरियाबंद। सावन के दूसरे सोमवार से पहले गरियाबंद जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मरौदा स्थित प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ धाम से दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस भकुर्रा मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सड़क किनारे पैदल चल रहा एक राहगीर घायल हो गया, जबकि बस में सवार सभी 54 श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़े :- अमित कटारिया विवाद में नया मोड़: पूर्व सांसद जयश्री बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र
सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के चक्कर में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर से श्रद्धालुओं को लेकर बस भूतेश्वरनाथ धाम गई थी। वापस लौटते समय भकुर्रा मार्ग स्थित पुल के पास सामने से अचानक एक वाहन आ गया। उसे रास्ता देने के प्रयास में बस का अगला पहिया पुल के किनारे धंस गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। इस दौरान बस का सामने का कांच भी टूट गया और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घायल अस्पताल में भर्ती, मौके पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के दौरान बस की चपेट में आने से सड़क किनारे चल रहा एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
सावन सोमवार को लेकर मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने के कारण हादसे के बाद भकुर्रा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे विशेषकर महिलाओं और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर बस को हटाने और यातायात बहाल कराने का कार्य शुरू कर दिया है।



