सरगुजा। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में शादी के बाद दुल्हन के अचानक लापता होने और दूल्हे पक्ष से कथित तौर पर अतिरिक्त रकम मांगने का मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश निवासी रामकली बाई ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े :- ₹50 हजार की ठगी का प्लान फेल! काले कागज और केमिकल के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
शिकायत के मुताबिक, रामकली बाई के बेटे तुलसीदास लोधी की शादी 23 मई 2026 को जमगला निवासी एक युवती से हुई थी। आरोप है कि विवाह दो मध्यस्थों की मदद से तय हुआ था। शिकायतकर्ता का दावा है कि शादी के दौरान दूल्हे पक्ष से करीब 1 लाख रुपये नकद और लगभग 1 लाख रुपये के जेवर लिए गए थे।
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद दुल्हन करीब तीन दिनों तक ससुराल में रही। आरोप है कि चौथे दिन रात में वह शौचालय जाने की बात कहकर घर से बाहर निकली, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिवार का दावा है कि कुछ लोग उसे अपने साथ ले गए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दुल्हन को वापस लाने के लिए जब ससुराल पक्ष के लोग पहुंचे तो उनसे कथित तौर पर 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। पीड़ित पक्ष ने इसे सुनियोजित धोखाधड़ी बताते हुए पैसे और जेवर वापस दिलाने की मांग की है।
बताया गया है कि इस संबंध में 6 अगस्त 2026 को लखनपुर थाने में आवेदन दिया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि थाने स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक सरगुजा से शिकायत की।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में की गई कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



