राजनांदगांव, 24 जुलाई। Bulldozer Action : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के सोमनी क्षेत्र के झूराडबरी में प्रशासन ने अवैध प्लॉटिंग और सरकारी जमीन पर कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 32.97 एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए बुलडोजर से अवैध निर्माण और रास्तों को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रशासन के मुताबिक, सरकारी जमीन पर कब्जा कर रिसॉर्ट विकसित करने और अवैध प्लॉटिंग की तैयारी की जा रही थी। इतना ही नहीं, करीब 32 एकड़ क्षेत्र के पहाड़ को काटकर कच्चा रास्ता भी बना दिया गया था। शिकायत मिलने पर एसडीएम गौतम पाटिल के नेतृत्व में राजस्व और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
सरकारी नालों पर भी था कब्जा
जांच में सामने आया कि खसरा नंबर 563/1, 563/2 और 563/3 के सामने शासकीय नालों को पाटकर अवैध सड़क बना दी गई थी। प्रशासन ने बुलडोजर से इस रास्ते को भी हटवा दिया।
बिना अनुमति चल रही थी तैयारी
सूत्रों के अनुसार, मनगटा और झूराडबरी क्षेत्र में कई स्थानों पर कृषि भूमि पर बिना व्यावसायिक डायवर्सन और पंचायत की अनुमति के रिसॉर्ट निर्माण और अवैध प्लॉटिंग की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी भूमि, नाले, पहाड़ और सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसडीएम गौतम पाटिल ने बताया कि झूराडबरी में अवैध कब्जे और प्लॉटिंग की तैयारी पर कार्रवाई की गई है। वहीं मनगटा मामले में पहले ही नोटिस जारी किया गया था, लेकिन अब तक संबंधित पक्ष की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है।



