रायपुर। राजधानी रायपुर में कथित शेल कंपनी के जरिए करोड़ों रुपये विदेश भेजने के मामले में नया खुलासा हुआ है। विधानसभा थाना पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर उसके मौसेरे भाई समेत अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- तीन तलाक बोलकर पत्नी और बच्चों को निकाला, पति समेत सास-ससुर पर FIR
शिकायतकर्ता संदीप सेठ ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2023 में बेरोजगारी के दौरान उसे मुंबई स्थित एक निजी कंपनी में 50 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर डायरेक्टर बनाने का लालच दिया गया। रिश्तेदारी के भरोसे उसने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया, लेकिन कंपनी के वास्तविक कारोबार और वित्तीय गतिविधियों की जानकारी उससे छिपाई गई।
पीड़ित के अनुसार, समय-समय पर उसके घर दस्तावेज भेजे जाते रहे, जिन पर हस्ताक्षर कराए जाते थे। बाद में उसे संदेह हुआ कि कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर उसके नाम से कथित फर्जी हस्ताक्षर भी किए गए। इसके बाद उसे मुंबई ले जाकर एसबीएम, आईसीआईसीआई, इंडसइंड और आरबीएल बैंक में कंपनी के नाम से खाते खुलवाए गए। दस्तावेजों में उसे अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता बनाया गया, लेकिन खातों से किसी अन्य व्यक्ति का मोबाइल नंबर लिंक कर दिया गया, जिससे उसे लेनदेन की कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब 22 अप्रैल 2025 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पूछताछ के लिए उसके रायपुर स्थित घर पहुंची। वहीं उसे पहली बार पता चला कि जिस कंपनी में वह डायरेक्टर के रूप में दर्ज है, उसके बैंक खातों के जरिए कथित तौर पर करोड़ों रुपये विदेश भेजे गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी पहचान, दस्तावेज और पद का इस्तेमाल कर उसे पूरे वित्तीय फर्जीवाड़े में फंसाने की साजिश रची गई।
शिकायत के आधार पर विधानसभा थाना पुलिस ने रितेश गुप्ता सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस कंपनी के गठन से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही प्रवर्तन निदेशालय से भी संबंधित दस्तावेज और जांच रिपोर्ट मंगाई जा रही है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि विदेश भेजी गई रकम का वास्तविक स्रोत क्या था, पैसा किन देशों में भेजा गया और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका भी तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।



