बालोद। जिले से महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली एक बेहद शर्मनाक और खौफनाक वारदात सामने आई है। कांकेर जिले की रहने वाली एक महिला का अपहरण कर तीन दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को बेसुध हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
पर्यावरण पार्क के पास बदहवास मिली पीड़िता
जानकारी के मुताबिक, बालोद-दल्ली राजहरा मुख्य मार्ग पर स्थित पर्यावरण पार्क के पास राहगीरों ने एक महिला को बेसुध और बदहवास हालत में देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने बिना वक्त गंवाए महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में थोड़ा सुधार हुआ।
तीन ट्रक ड्राइवरों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप
होश में आने के बाद पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि तीन अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण किया और उसके साथ गैंगरेप किया। शुरुआती जांच और पीड़िता से मिले इनपुट्स के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि इस घिनौनी करतूत को तीन अज्ञात ट्रक चालकों (ड्राइवर्स) ने अंजाम दिया है। पुलिस ने महिला के बयानों को आधार बनाते हुए अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
अधिकारियों का रुख: मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने कहा कि पीड़िता कांकेर जिले की निवासी है। उसके बयानों के आधार पर केस दर्ज कर हर एक पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना में तीन आरोपी शामिल हैं और पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। दावा है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।



