कोरबा। रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक की लापरवाही उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गई। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पवन टॉकीज फाटक के पास रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे लाइन पार कर रहा 22 वर्षीय युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में युवक का एक पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बरमपुर निवासी रोशन पटेल (22 वर्ष) मोबाइल पर बातचीत करने में इतना मशगूल था कि उसे सामने से आ रही मालगाड़ी की आवाज सुनाई नहीं दी। जैसे ही वह रेलवे ट्रैक पार करने लगा, मालगाड़ी की चपेट में आ गया। ट्रेन की टक्कर से युवक दूर जा गिरा, जिससे उसका एक पैर मौके पर ही कटकर अलग हो गया।
घटना के बाद आस-पास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने तुरंत इस बात की सूचना कोतवाली पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लहूलुहान हालत में युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



