रायपुर, 20 जुलाई। BJP vs Congress : छत्तीसगढ़ की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव के लगातार संयुक्त दौरों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधा है। मंत्री रामविचार नेताम और भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने दोनों नेताओं पर तंज कसते हुए कई राजनीतिक टिप्पणियां कीं, जिससे प्रदेश की सियासत एक बार फिर गर्मा गई है।
मंत्री रामविचार नेताम ने चुटकी लेते हुए कहा कि ‘बाबा को भेलपुरी खिला रहे हैं, नट-बोल्ट वाले कड़कनाथ भी खिलाएं। दिल मिले या न मिले, आंखें जरूर मिला रहे हैं।’ उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाए या राष्ट्रीय स्तर पर कोई जिम्मेदारी दे, यह पूरी तरह कांग्रेस का आंतरिक विषय है।
वहीं भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि ‘2018 में हनीमून की सरकार बनी थी, फिर उनका तलाक हो गया। अब एक बार फिर दोनों हनीमून मना रहे हैं।’ उनके इस बयान पर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
UCC पर भी कांग्रेस पर साधा निशाना
रामविचार नेताम ने समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उनके अनुसार, UCC से आदिवासी, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के अधिकारों या आरक्षण पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए लोगों को गुमराह कर रही है, जबकि सरकार सभी वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।



