दुर्ग, 16 जुलाई। Durg-Raipur Highway Accident : छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर कुल 5 लोग सवार थे और सभी उतई से रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। कुम्हारी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) के पीछे स्कूटी जा भिड़ी।
हादसे में इनकी हुई मौत
- अमृता निर्मलकर (28)
- लक्ष्मी निर्मलकर (26)
- यासना (7 वर्ष)
- डाली (4 वर्ष)
वहीं भावेश गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
ट्रैक्टर चालक हिरासत में
पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला मॉर्च्युरी भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था और पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी, जिससे राहत कार्य में देरी हुई। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



