अम्बिकापुर/मैनपाट : छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और मॉडिफाइड साइलेंसर्स के जरिए हुड़दंग मचाने वाले बाइकर गैंग के खिलाफ कमलेश्वरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 60 बाइकों को जब्त किया है, वहीं उनके चालकों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ की इकलौती छात्रा, महासमुंद की बेटी का कमाल
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से मैनपाट आने वाले कुछ युवक समूह बनाकर सड़कों पर खतरनाक तरीके से बाइक दौड़ा रहे थे। कई बाइकों में ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर्स लगाए गए थे, जिनसे पटाखों जैसी तेज आवाज निकलती थी। इससे न केवल पर्यटकों की शांति भंग हो रही थी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यहाँ सड़क हादसों की आशंका भी लगातार बनी हुई थी।
शिकायतों के बाद चला विशेष चेकिंग अभियान
पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कमलेश्वरपुर पुलिस ने पर्यटन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बाइकर समूहों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में कई वाहन यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल (MV) एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 60 बाइकों को तत्काल जब्त कर लिया।
नियम तोड़ने वालों पर आगे भी रहेगी सख्ती
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेज, मॉडिफाइड साइलेंसर, खतरनाक ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे मामलों में चालानी कार्रवाई के साथ-साथ सख्त कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे।
सुरक्षा और शांति हमारी प्राथमिकता: पुलिस
सर्दियों और छुट्टियों के मौसम में मैनपाट में हर सप्ताह बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सैलानियों की सुरक्षा, शांत वातावरण बनाए रखना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आने वाले दिनों में भी नियमित जांच अभियान चलाए जाएंगे, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।



